BY- FIRE TIMES TEAM
उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में बीते मंगलवार को भाजपा कार्यालय के गेट पर आग लगाकर आत्महत्या का प्रयास करने वाली महिला की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई।
महिला का इलाज सिविल अस्पताल के बर्न यूनिट में चल रहा था। अस्पताल के प्रबंधन ने बताया कि चिकित्सकों ने महिला को बचाने का हर संभव प्रयास किया लेकिन उसे बचा नहीं पाए। महिला काफी गंभीर हालत में अस्पताल आई थी और लगभग 90 प्रतिशत तक जल चुकी थी।
क्या है पूरा मामला
उक्त घटना लखनऊ के हजरतगंज कोतवाली क्षेत्र की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार पीडित महिला जिसकी अब मृत्यु हो चुकी है, उसका नाम अंजना तिवारी है और वो यूपी के ही महराजगंज जिले की रहने वाली है।
महिला की पहली शादी अखिलेश तिवारी नाम के व्यक्ति के साथ हुई थी लेकिन कुछ दिनों बाद ही दोनों का तलाक हो गया था। इसके कुछ दिनों बाद महिला ने अपना धर्म परिवर्तन कर लिया और आसिफ राजा नाम के एक मुस्लिम युवक से शादी की। शादी के बाद काम के सिलसिले में आसिफ सऊदी चला गया।
महिला के मुताबिक आसिफ के घरवाले उसी लगातार प्रताड़ित कर रहे थे और अत्यधिक प्रताड़ना से परेशान हो कर महिला ने लखनऊ में भाजपा कार्यालय के गेट नंबर 2 के सामने अपने ऊपर ज्वलनशील पदार्थ डालकर खुद को आग लगा ली।
इस मामले में लखनऊ पुलिस ने पूर्व राज्यपाल सुखदेव प्रसाद के बेटे आलोक को हिरासत में लिया है। बताया जा रहा है कि आलोक कांग्रेस पार्टी से जुड़ा है।
पुलिस को मामले में साजिश की आशंका है और सूत्रों के मुताबिक घटनास्थल पर आलोक की लोकेशन भी मिल रही थी। यह भी पता चला है कि आलोक महिला के संपर्क में भी था।